गौला नदी में छलांग लगाने वाले किशोर का शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी , 06 जुलाई (हि.स.)। हल्द्वानी में गौला नदी में छलांग लगाने वाले 17 वर्षीय किशोर प्रियांशु बिष्ट का शव आज सुबह एसडीकआरएफ टीम ने बरामद कर लिया।

रविवार शाम हुई इस घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, मोतीनगर (हाथीखाल), बरेली रोड निवासी प्रियांशु बिष्ट रविवार शाम करीब पांच बजे घर से ड्राइंग का सामान खरीदने की बात कहकर निकला था।

परिजनों का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था। इसके कुछ समय बाद सूचना मिली कि उसने बनभूलपुरा थाना क्षेत्र स्थित गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रियांशु कुछ देर तक पुल पर अकेले टहलता रहा। जब वह रेलिंग के पास पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी और नदी में छलांग लगा दी।

स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीकआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव, गहरे पानी और बारिश के कारण रातभर चला रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन में एसडीकआरएफ गोताखोरों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद प्रियांशु का शव नदी से बरामद कर लिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें किशोर पुल से नदी में छलांग लगाता दिखाई दे रहा है। पुलिस वीडियो की जांच के साथ-साथ परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story