सीमा सुरक्षा केवल जवानों की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी : डॉ. शैलेंद्र
-परेड ग्राउंड मैराथन में मुकेश और राविन ने मारी बाजी
देहरादून, 23 अगस्त (हि. स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र ने रविवार को कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा के प्रति प्रत्येक नागरिक को सजग और जागरूक रहना चाहिए। राष्ट्र की सुरक्षा केवल सीमा पर तैनात जवानों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है।
डॉ. शैलेंद्र रविवार को परेड ग्राउंड में सीमा जागरण मंच उत्तराखंड एवं विमला देवी मेमोरियल शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘परेड ग्राउंड मैराथन-2026’ में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। सीमा सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित मैराथन का शुभारंभ डॉ. शैलेंद्र ने मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष मेजर जनरल गुलाब सिंह रावत और पीसीएस अधिकारी रमेंदी मंद्रवाल के साथ हरी झंडी दिखाकर किया। मैराथन में देशभक्ति गीतों और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़ी प्रस्तुतियों ने प्रतिभागियों में उत्साह का संचार किया।
डॉ शैलेंद्र ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा ही मजबूत राष्ट्र की नींव तैयार कर सकते हैं। डॉ. शैलेंद्र ने धावकों से खेल भावना और अनुशासन के साथ राष्ट्रहित के कार्यों में योगदान देने की अपील की।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में मुकेश ने प्रथम, रोहित ने द्वितीय और प्रिंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में राविन प्रथम, तनु द्वितीय और गायत्री तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को खेल प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री आशीष वाजपेयी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य विपुल गुप्ता, सह प्रांत प्रचारक चंद्रशेखर, महानगर प्रचारक देव राज, सीमा जागरण मंच के सह संयोजक शैलेश शर्मा, हरविंदर सिंह, दुर्गेश भट्ट, राजन गुप्ता, ओमप्रकाश शुक्ला, अरविंद तिवारी अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

