काव्य संग्रह ‘स्वयमेव मृगेन्द्रता’ का विमोचन,प्रो.बलदेव शर्मा बोले-भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना का संरक्षण जरूरी
-‘वंदे मातरम्’ भारत की आत्मा और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा का भाव: प्रो.बलदेव भाई शर्मा
-प्रचारकों का जीवन राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की मिसाल: कपिल देव
देहरादून, 15 नवंबर (हि.स.)। साहित्य, संस्कृति और राष्ट्र चेतना के विचारों के बीच रविवार को स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय, जौलीग्रांट में कवि प्रेम बड़ाकोटी के काव्य संग्रह ‘स्वयमेव मृगेन्द्रता’ का विमोचन किया गया। स्वामी राम जी के महासमाधि प्रसंग और वंदे मातरम् गीत की सार्धशती के अवसर पर आयोजित समारोह में वक्ताओं ने भारतीय दर्शन, सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समर्पण के महत्व पर विचार रखे।
समारोह के मुख्य वक्ता कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर के पूर्व कुलपति प्रो. बलदेव भाई शर्मा ने कहा कि किसी राष्ट्र की पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं, इतिहास और राष्ट्रीय चेतना से होती है। भारत की सांस्कृतिक विरासत हजारों वर्षों की साधना, संघर्ष और त्याग का परिणाम है। इसे संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ महज एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा का भाव है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इस गीत ने देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और संघर्ष की चेतना जगाई। साहित्य, संगीत और कला राष्ट्रीय विचारों को जनमानस तक पहुंचाने के प्रभावी माध्यम हैं।
इस माैके पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव ने संघ के प्रचारकों के जीवन से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद प्रचारकों ने राष्ट्र और समाजसेवा का कार्य जारी रखा। उनका जीवन समर्पण और निष्ठा की मिसाल है। राम जन्मभूमि आंदोलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था, संघर्ष और सामूहिक संकल्प का परिणाम है।उन्होंने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच गहरे सांस्कृतिक एवं भावनात्मक संबंधों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर सड़क और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विकास के साथ धार्मिक पर्यटन को भी गति दे रहा है।
डॉ. नित्यानंद ने उत्तराखंड की विकास अवधारणा को दी दिशा : गैरोला
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने डॉ. नित्यानंद के योगदान को याद करते हुए उन्हें ‘हिमालय का ऋषि’ बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य की परिकल्पना, उसके स्वरूप और विकास का रोडमैप तैयार करने में डॉ. नित्यानंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पलायन रोकने, ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार और सामाजिक जागरूकता के लिए उनके प्रयास उल्लेखनीय हैं।
उन्होंने एकल विद्यालयों की स्थापना और मनेरी, माकड़ी तथा भिलंगना जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित सामाजिक प्रकल्पों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज के प्रति समर्पण और दूरदृष्टि का उदाहरण हैं।
राष्ट्र के दर्शन से एकाकार हो जीवन तो समर्पण सहज हो जाता है : प्रो. शिवेंद्र
समारोह की अध्यक्षता करते हुए गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कुलपति प्रो. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि प्रत्येक देश का अपना दर्शन और आत्मा होती है। जब व्यक्ति का जीवन दर्शन राष्ट्र के दर्शन के साथ एकाकार हो जाता है तो राष्ट्र के लिए बड़े से बड़ा प्रयास और बलिदान भी सहज हो जाता है। जीवन केवल आजीविका अर्जित करने का माध्यम नहीं है। मनुष्य की प्रतिभा, संवेदनाएं, सृजन और शोध की संभावनाएं असीमित हैं।
उन्होंने कहा कि साहित्यकार अपनी अनुभूतियों और जीवन के अनुभवों को शब्दों में संजोता है। पुस्तक का उद्देश्य किसी को प्रभावित करना नहीं, बल्कि अपने भीतर संचित भावों और विचारों को समाज के सामने रखना है। पाठक उन विचारों से कितना ग्रहण करते हैं और उन्हें जीवन में कितना आत्मसात करते हैं, यह उनकी अपनी समझ पर निर्भर करता है।
समारोह में अंतरिक्ष बड़ाकोटी ने पुस्तक में शामिल कविता ‘वंदे मातरम् को नमन’ का पाठ किया। वहीं, मुकेश हटवाल ने अशोक सिंघल रचित गीत ‘हिंदू संस्कृति के वटवृक्ष’ प्रस्तुत किया। दोनों प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव, ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, कवि एवं साहित्यकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना और उत्तरांचल उत्थान परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह लडवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े वरिष्ठजन, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राम प्रकाश पैन्यूली ने किया। वक्ताओं ने कवि प्रेम बड़ाकोटी को काव्य संग्रह के प्रकाशन पर शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

