दून में 23 अक्टूबर से सजेगा तीन दिवसीय किताब कौतिक

WhatsApp Channel Join Now
दून में 23 अक्टूबर से सजेगा तीन दिवसीय किताब कौतिक


-बाल लेखन कार्यशाला, करियर परामर्श, साहित्यिक परिचर्चा और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

देहरादून, 21 अक्टूबर (हि.स.)। किताबों से दोस्ती और पढ़ने-लिखने की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देहरादून में 23 अक्टूबर से तीन दिवसीय ‘किताब कौतिक’ का आयोजन किया जाएगा। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में 25 अक्टूबर तक चलने वाले इस पुस्तक मेले में साहित्यिक परिचर्चा, लेखकों से संवाद, बाल लेखन कार्यशाला, करियर परामर्श और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आयोजक संस्था ‘क्रिएटिव उत्तराखंड’ की ओर से बुधवार को प्रेस क्लब देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी गई। संस्था के अध्यक्ष दयाल पांडे ने बताया कि उत्तराखंड के विभिन्न कस्बों और शहरों में अब तक 15 किताब कौतिक आयोजित किए जा चुके हैं। देहरादून में आयोजित होने वाला यह 16वां आयोजन होगा। पुस्तक मेले की गतिविधियां केंद्र के हॉल, खुले रंगमंच और गलियारों में आयोजित की जाएंगी।

दयाल पांडे ने कहा कि किताब कौतिक अभियान का उद्देश्य पहाड़ की संस्कृति और साहित्य को प्रोत्साहित करने के साथ युवाओं और बच्चों में पढ़ने-लिखने की आदत विकसित करना है। उन्होंने बताया कि मेले में देशभर से साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता और रंगकर्मी हिस्सा लेंगे।

अभियान के सदस्य प्रवीन कुमार भट्ट ने बताया कि मेले में साहित्यिक परिचर्चा, लेखकों से सीधा संवाद, बच्चों के लिए विज्ञान कोना, प्रकृति भ्रमण, साहसिक गतिविधियां और सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा हस्तशिल्प स्टॉल, कठपुतली निर्माण, भाषा एवं संस्कृति और दीवार चित्रकारी से जुड़ी कार्यशालाएं भी होंगी। स्कूली बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

आयोजकों के अनुसार, मेले में विषय विशेषज्ञों के साथ विद्यार्थियों और आम लोगों के लिए करियर परामर्श, काव्य गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

आयोजन के पहले चरण में 14 से 18 अक्टूबर तक देहरादून के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों के लिए पांच दिवसीय बाल प्रहरी बाल लेखन कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने स्वयं हस्तलिखित पुस्तकें तैयार कीं। इन पुस्तकों को मेले में बच्चों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल पर प्रदर्शित किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में हेम पंत, विजय भट्ट, डीके पांडेय, चंद्रशेखर तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764645 Articles

Share this story