रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत
हरिद्वार, 09 नवंबर (हि.स.)। लक्सर के दोसनी रेलवे फाटक के पास सोमवार को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होना माना जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद महिला की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को रुड़की स्थित मोर्चरी में रखवा दिया।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट ने बताया कि सोमवार को दोसनी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर रंजय कुमार ने रेलवे ट्रैक पर महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक शहजाद अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को दोसनी पुराने रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नजदीक डाउन लाइन पर करीब 30 से 35 वर्ष की अज्ञात महिला का शव मिला। ट्रेन की चपेट में आने से शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया। महिला ने बैंगनी रंग का सूट-सलवार और भूरे रंग का स्वेटर पहना हुआ था। उसके गले में सफेद धातु का लॉकेट और ताबीज था, जबकि दाहिने हाथ में पीली धातु का कड़ा मिला है।
शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव को रुड़की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस पंचायतनामा सहित अन्य कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही आसपास के थानों से संपर्क कर महिला की गुमशुदगी से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

