देहरादून में दो शिक्षकों का नेत्रदान और देहदान

WhatsApp Channel Join Now
देहरादून में दो शिक्षकों का नेत्रदान और देहदान


देहरादून में दो शिक्षकों का नेत्रदान और देहदान


देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। देहरादून में दो शिक्षकों का उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार नेत्रदान और देहदान किया गया। आर्य नगर निवासी 66 वर्षीय मीता धर चौधरी कैंब्रियन हॉल स्कूल में अर्थशास्त्र की शिक्षिका रही थीं। उनके पढ़ाए कई विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं। उनके भाई और प्रसिद्ध चिकित्सक तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. डी.डी. चौधरी ने बहन की इच्छानुसार दधीचि देहदान समिति के माध्यम से उनका नेत्रदान और देहदान कराया। महंत इंद्रेश अस्पताल की नेत्र विभाग की डॉ. वैशाली ने नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई, जबकि देहदान दून मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग को किया गया।

इसी तरह मोहिनी रोड, डालनवाला निवासी 80 वर्षीय शैलेन्द्र चांदना का मरणोपरांत नेत्रदान और देहदान किया गया। वह अपने जीवन के शुरुआती दिनों में नाइजीरिया में विज्ञान के शिक्षक रहे थे। बाद में पिता भोजा राम के निधन के बाद परिवार की सहमति से पलटन बाजार स्थित पारिवारिक प्रतिष्ठान भोजा ब्रदर्स के कपड़ा व्यवसाय से जुड़ गए थे। उनके भाई रमेश चांदना ने भी नेत्रदान और देहदान का संकल्प लिया हुआ है।

परिजनों ने शैलेन्द्र चांदना की अंतिम इच्छा के अनुसार दधीचि देहदान समिति के माध्यम से नेत्रदान कराया। इसके बाद दून मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग में डॉ. जॉली अग्रवाल और डॉ. श्रीकांत की निगरानी में गायत्री मंत्र एवं शांति पाठ के साथ देहदान की प्रक्रिया संपन्न हुई।

समिति के अनुसार ये उसका 30वां देहदान और 60वां नेत्रदान है। अब तक 60 लोगों के 120 कॉर्निया के माध्यम से लगभग 120 दृष्टिबाधित लोगों को नेत्र ज्योति मिल चुकी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story