कार से अधिवक्ता का शव बरामद, जांच जारी

WhatsApp Channel Join Now
कार से अधिवक्ता का शव बरामद, जांच जारी


नैनीताल, 27 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल जिला कलेक्ट्रेट परिसर की पार्किंग में सोमवार पूर्वाह्न एक 60 वर्षीय अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव कार के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार से गोली चलने की आवाज सुनाई देने पर लोग मौके पर पहुंचे, जहां अधिवक्ता खून से लथपथ अवस्था में पाए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार से एक पिस्टल बरामद की तथा डैशबोर्ड से एक कथित आत्महत्या पत्र भी मिला है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।

नैनीताल पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। अधिवक्ता लंबे समय से व्यक्तिगत कारणों एवं बीमारी को लेकर तनाव में बताए जा रहे थे। वह जिला कलेक्ट्रेट में नोटरी अधिवक्ता थे। बताया जा रहा है कि इधर उम्र की बाध्यताओं के कारण उनके नोटरी प्रमाण पत्र का नवीनीकरण भी नहीं हो पा रहा था।

पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि प्रकरण की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया गया है तथा फॉरेंसिक दल द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है स्वर्गीय अधिवक्ता भाकुनी ने लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व ही विवाह किया था। उनके कोई संतान नहीं है। वह वर्तमान में अपना अमरालय क्षेत्र का घर बेचने के बाद जिला कलेक्ट्रेट के पास ही स्थित लांगव्यू क्षेत्र में रह रहे थे। अपने सुसाइड नोट में उन्होंने अधिकारियों से उनकी पत्नी का ध्यान रखने का अनुरोध किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story