कन्या गुरुकुल ने रक्तदान के साथ दिया स्वच्छता का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
कन्या गुरुकुल ने रक्तदान के साथ दिया स्वच्छता का संदेश


हरिद्वार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। कन्या गुरुकुल में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में सामाजिक सेवा और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। एनएसएस समन्वयक प्रो. संगीता मदान के नेतृत्व में रक्तदान शिविर, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर अतिथि व्याख्यान और स्वच्छता अभियान चलाया गया।

रामदेव हॉल में आयोजित रक्तदान शिविर में विद्यार्थियों और अन्य रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर की चिकित्सा व्यवस्था और आयोजन में रुड़की ब्लड सेंटर ने सहयोग किया। डॉ. अमन गुप्ता ने भी शिविर के संचालन में सहयोग दिया। पर्यावरण विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. नमिता जोशी ने रक्तदाताओं और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

भौतिकी विभाग की डॉ. रिचा सैनी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। प्रबंधन विभाग की डॉ. आशिमा गर्ग ने स्वयं रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। इसके बाद पर्यावरण विज्ञान विभाग के सेमिनार हॉल में हिमविलेज एनजीओ, हरिद्वार के सुमित ने विद्यार्थियों को ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कचरे के पृथक्करण, पुनः उपयोग, पुनर्चक्रण और उचित निस्तारण के साथ पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी।

व्याख्यान के बाद विद्यार्थियों ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया। एनएसएस के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story