शराब के नशे में दोस्ती बनी दुश्मनी, विवाद में दोस्तों ने दोसृत को मारकर रजवाहे में फेंका

WhatsApp Channel Join Now
शराब के नशे में दोस्ती बनी दुश्मनी, विवाद में दोस्तों ने दोसृत को मारकर रजवाहे में फेंका


हरिद्वार, 28 अगस्त (हि.स.)। रजवाहे में मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की हत्या उसके ही दो दोस्तों ने शराब पार्टी के दौरान पैसों के विवाद और वीडियो बनाने की बात से नाराज होकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

23 अगस्त को रजवाहे में मिला था शव-

23 अगस्त 2026 को कोतवाली मंगलौर को सूचना मिली कि ग्राम टिकोला के रजवाहे में एक शव पड़ा है। प्रभारी निरीक्षक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान कपिल पुत्र मेघपाल, निवासी टिकोला के रूप में हुई।

भाई अमित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने रितिक और उसके साथी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी हरिद्वार ने शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

27 अगस्त को दबोचे गए दोनों आरोपी-

मुखबिर की सूचना और जांच के बाद 27 अगस्त को पुलिस ने दोनों नामजदों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित रितिक पंवार पुत्र धीर सिंह और दीपक पंवार पुत्र सुरेश, दोनों निवासी ग्राम जटौली तैय्यबपुर बड़ा, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (यूपी) के रहने वाले हैं।

ऐसे हुई हत्या

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कपिल और दोनों आरोपित दोस्त थे। कपिल ने रितिक और दीपक से करीब 15 हजार रुपये उधार लिए थे और 700 रुपये के कपड़े भी खरीदे थे। योजना के तहत आरोपियों ने कपिल को टिकोला पुलिया पर बुलाया। तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान कपिल ने मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने की बात कही। इससे दोनों भड़क गए। कहासुनी बढ़ने पर दोनों ने मिलकर कपिल की हत्या कर दी और शव को रजवाहे में फेंककर बाइक से फरार हो गए।

पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की विवेचना जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story