घने कोहरे में हुए ब्लाइंड एक्सीडेंट का खुलासा

WhatsApp Channel Join Now
घने कोहरे में हुए ब्लाइंड एक्सीडेंट का खुलासा


हरिद्वार, 29 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने ब्लाइंड एक्सीडेंट केस का 48 घंटे से भी कम समय में खुलासा कर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों से किया अपना वादा निभाया। घने कोहरे के कारण दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। इसके बावजूद तीन पुलिस टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना में संलिप्त ट्रैक्टर को चिह्नित कर बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर की रात खानपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां 26 नवंबर को उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए खानपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों को 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया था। इसके लिए तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

लगातार प्रयास और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 48 घंटे से भी कम समय में दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को चिह्नित कर बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में 48 घंटे में खुलासे का वादा पूरा कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story