बीकेटीसी ने वीआईपी आवास व भाेजन बिल के भुगतान प्रकरण की जांच को गठित की समिति

WhatsApp Channel Join Now
बीकेटीसी ने वीआईपी आवास व भाेजन बिल के भुगतान प्रकरण की जांच को गठित की समिति


देहरादून, 27 मई (हि.स.)। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने सोशल मीडिया पर प्रसारित वीआईपी आवास एवं भोजन बिल भुगतान संबंधी खबरों का संज्ञान लेते हुए विभागीय जांच समिति गठित कर दी है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निर्देश पर गठित समिति तीन सप्ताह में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

समिति गठन का आदेश बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ की ओर से जारी किया गया है। गठित जांच समिति में वित्त नियंत्रक हेम कांडपाल, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, विधि अधिकारी एसएस बर्त्वाल और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी को शामिल किया गया है।

बीकेटीसी अध्यक्ष द्विवेदी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच और तथ्यों को सामने लाने के उद्देश्य से चार सदस्यीय विभागीय समिति बनाई गई है। उन्होंने कहा कि मंदिरों के दान के पैसों का किसी भी स्तर पर दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मंदिर समिति पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा और जिम्मेदारी तय की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story