मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया यज्ञ
हल्द्वानी, 14 जून (हि.स.)। कालाढुंगी विधानसभा के मुखानी मंडल की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को रामपुर रोड स्थित शिव मंदिर, चांदनी चौक में हवन-पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की दीर्घायु और देश की समृद्धि की कामना की गई।
इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विकसित भारत-2047 का विजन देश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण संकल्प है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सुधारों और विकास कार्यों के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट और दीपक मेहरा ने भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष दलीप सिंह नेगी, मंडल प्रभारी प्रतिभा जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा प्रसाद, पूर्व प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष शशांक रावत, बिन्देश गुप्ता, आनंद दरम्वाल, मंडल महामंत्री राजेश पंत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

