सुल्तानपुर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, 2027 चुनाव का बिगुल

WhatsApp Channel Join Now
सुल्तानपुर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, 2027 चुनाव का बिगुल


हरिद्वार, 23 जुलाई (हि.स.)। लक्सर विधानसभा क्षेत्र के सुल्तानपुर स्थित एक फार्म हाउस में पूर्व विधायक संजय गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा का कार्यकर्ता मिलन समारोह राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल गया। कार्यक्रम में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी रही। इस दौरान दूध, जलेबी, आम और पकौड़ी का वितरण कर कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया।

समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, मंडल अध्यक्ष पृथ्वी सिंह राणा, चित्र कुमार समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंच से वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संदेश दिया गया।

पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और सख्त भू-कानून जैसे फैसले जनता के हित में लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मैं बड़ा नेता नहीं, जनता का छोटा भाई और सेवक हूं। मेरे लिए जाति, धर्म और अमीरी-गरीबी का कोई भेदभाव नहीं है। जनता की सेवा ही मेरा धर्म है। संजय गुप्ता ने बताया कि खादर क्षेत्र की बाढ़ समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री से लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप चंडीघाट पुल से भोगपुर होते हुए बालावाली पुल तक लगभग 32 किलोमीटर सड़क निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है।

इसके अलावा निरंजनपुर में डिग्री कॉलेज, लक्सर सीएचसी के उच्चीकरण तथा नए बिजलीघरों की स्थापना जैसे विकास कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने गांव और बूथ का नेता है। यदि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा और संजय गुप्ता के समर्थन का संकल्प लें तो 2027 में लक्सर विधानसभा में भाजपा की जीत तय है।

कार्यक्रम के दौरान बसपा के फकीरचंद पंकज प्रधान और कांग्रेस के क्रिश्चियन चौहान ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में डॉ. अजय गुप्ता, विजय गुप्ता, आकाश गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, रमेश चंद, सरदार जसवंत सिंह, साधुराम सैनी, सरदार नजर सिंह, सरदार अवतार सिंह, ऋषिपाल आचार्य, मोनू कुमार, प्रमोद कश्यप सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story