कांग्रेस महिला अधिकारों के मुद्दे पर कर रही राजनीतिक पाखंड : महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस महिला अधिकारों के मुद्दे पर कर रही राजनीतिक पाखंड : महेंद्र भट्ट


देहरादून, 21 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे 'भ्रम फैलाने' और 'राजनीतिक पाखंड' करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब अपने पुराने रुख से ध्यान हटाने के लिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

महेंन्द्र भट्ट ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि संसद में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक पर कांग्रेस और विपक्ष के रुख को देश देख चुका है,जबकि अब राज्य स्तर पर अलग मांग उठाकर असंवैधानिक प्रक्रिया अपनाने की बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला अधिकारों के मुद्दे पर कांग्रेस का इतिहास विरोधाभासी रहा है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए जनगणना और परिसीमन जैसी संवैधानिक प्रक्रियाएं आवश्यक हैं, जिनके बिना इसे लागू करना संभव नहीं है। भाजपा नेता ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दे को भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ऐसे प्रयासों को समझती है।

महेंद्र भट्ट ने महिला अपराधों को लेकर कांग्रेस के आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि राज्य में ऐसी घटनाओं पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने दावा किया कि महिला अधिकारों के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता स्पष्ट है, जबकि कांग्रेस का रुख संदिग्ध रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story