राहुल गांधी के दौरे पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
देहरादून, 17 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देहरादून दौरे के विरोध में शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा ने सीएमआई चौक पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका और बाद में कई महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर वहां से हटाया।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में प्रदेशभर से पहुंची महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और भाजपा के झंडे लेकर राहुल गांधी के दौरे का विरोध जताया।
रुचि भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर महिलाओं की आकांक्षाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी का ऐतिहासिक अवसर दिया, जबकि कांग्रेस का महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर दोहरा रवैया रहा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की महिलाएं महिला सम्मान और सशक्तिकरण के मुद्दे पर किसी प्रकार की राजनीति स्वीकार नहीं करेंगी।
भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि कांग्रेस को महिलाओं के सम्मान और अधिकारों पर राजनीति करने के बजाय अपने रुख पर आत्ममंथन करना चाहिए। संगठन ने दावा किया कि उत्तराखंड की मातृशक्ति महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के मुद्दों पर केंद्र सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है।
प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री हिमानी वैष्णव, राज्य मंत्री विनोद उनियाल, राज्य मंत्री मधु भट्ट सहित महिला मोर्चा की प्रदेश, जिला और मंडल स्तर की अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

