शहरों और कस्बों में विकास योजनाओं को गति दें नवनियुक्त सदस्य : महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
शहरों और कस्बों में विकास योजनाओं को गति दें नवनियुक्त सदस्य : महेंद्र भट्ट


-भाजपा ने मनोनीत पार्षदों को दी बधाई, मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार

देहरादून, 14 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तराखंड के एक नगर निगम, 12 नगर पालिकाओं और 10 नगर पंचायतों में पार्षदों के मनोनयन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए सभी नवनियुक्त सदस्यों को बधाई दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मनोनीत पार्षद शहरों और कस्बों में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

मंगलवार को जारी बयान में महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार ने नगर निगम हल्द्वानी में 8 और नगर पालिका परिषद सितारगंज में 5, रामनगर में 5, पुरोला में 3, नैनीताल में 6, मंगलोर में 5, कालाढूंगी में 3, चिन्यौलीसैंण में 3, भवाली में 2, विकास नगर में 4, हरबर्टपुर में 3, गंगोलीहाट में 3, बेरीनाग में 3 कर्मठ कार्यकर्ताओं को मनोनीत सदस्य के रूप में जनसेवा करने का अवसर दिया है। इसी तरह नगर पंचायत शक्तिगढ़ में तीन, सेलाकुई में तीन, नौगांव में तीन, नगला में तीन, मुनस्यारी में तीन, लण्डौर में चार, लालपुर में तीन, लाल कुआं में तीन, झबरेड़ा में 4, भगवानपुर में 3 कार्यकर्ताओं को सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने इन कार्यकर्ताओं की क्षमता और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर विश्वास जताते हुए महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त किया। नवनियुक्त सदस्यों से अपेक्षा जताई कि वे अपनी-अपनी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर ये सदस्य स्थानीय स्तर पर सकारात्मक बदलाव के वाहक बन सकते हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी मनोनीत सदस्य विकास कार्यों को गति देते हुए विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story