भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, राष्ट्र निर्माण का आंदोलन : मनवीर चौहान
देहरादून, 10 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सक्षम समाज से समर्थ राष्ट्र निर्माण का अनंत आंदोलन है। पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज का विश्वास जीतना भी होना चाहिए।
भाजपा नेता चाैहान रविवार काे यहां पटेल नगर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान कार्यक्रम में बदलती परिस्थितियों में मीडिया समन्वय की भूमिका पर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह है कि पार्टी एक व्यापक सामाजिक संगठन के रूप में कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा चुनावी राजनीति में मजबूत स्थिति में नहीं थी, तब भी संगठन के कार्यकर्ता समाज में जागरूकता और समन्वय स्थापित करने में सक्रिय भूमिका निभाते थे। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष और कुछ वर्ग नकारात्मकता फैलाकर जनता का विश्वास तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सकारात्मक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रभावी संवाद आवश्यक है। वर्तमान समय में मीडिया और सोशल मीडिया इस संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सत्य, सकारात्मकता और संगठनात्मक अनुशासन के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का दौर विचार और सूचना की शक्ति का युग है और प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन का संवाद दूत है। फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब जैसे माध्यमों ने संवाद की शक्ति को कई गुना बढ़ाया है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी है। एक गलत सूचना समाज में भ्रम और असंयमित भाषा संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कार्यकर्ता की भाषा ही संगठन की पहचान बनती है। भाजपा को केवल प्रतिक्रिया की राजनीति नहीं करनी है, बल्कि सकारात्मक राजनीति का संदेश देना है। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि मीडिया से स्वस्थ संबंध और तथ्यात्मक संवाद बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अफवाहों के दौर में सत्य और संयम सबसे बड़ी शक्ति है तथा मीडिया के सभी माध्यमों के जरिए इसे मजबूती से स्थापित करना होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

