राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा हरिद्वार, 180 फीट तिरंगे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा हरिद्वार, 180 फीट तिरंगे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा


हरिद्वार, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हरिद्वार में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक मदन कौशिक के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, एनसीसी छात्रों व बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आर्य नगर चौक से शुरू हुई तिरंगा यात्रा चंद्राचार्य चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा का मुख्य आकर्षण 180 फीट लंबा तिरंगा रहा, जिसे एनसीसी के छात्रों ने भारत माता के जयघोष के साथ लेकर यात्रा का शुभारंभ किया। पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, स्वाभिमान, एकता और वीरता का प्रतीक है। देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपना योगदान दे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, विकास और राष्ट्र गौरव की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को सशक्त बनाना है।

हरिद्वार नगर निगम की महापौर किरण जैसल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा देश की शान है। हजारों क्रांतिकारियों ने तिरंगे को अपने सीने से लगाकर देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा हर भारतीय के लिए गौरव का अवसर है और इसमें युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस बात का प्रतीक है कि देश के अमर बलिदानी आज भी हर भारतीय के दिल में जीवित हैं।

यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लेते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान, कार्यक्रम संयोजक लव शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, राजकुमार अरोड़ा, अन्नू कक्कड़, सुभाष चंद्र, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, तरुण नय्यर, अनिमेष शर्मा, तुषांक भट्ट, किशन बजाज, आशु चौधरी, विकास प्रधान, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, देवेश ममगाईं, पारुल चौहान, करण वर्मा, निकुंज शर्मा, अंकित रघुवंशी, नवीन तेश्वर, सत्यनारायण शर्मा, मोनिका सैनी, निशा नोडियाल, राकेश नोडियाल, भोला शर्मा, सुमित लखेड़ा, अर्श नय्यर, कपिल बालियान, सूरज भारद्वाज, मुकुल भारद्वाज, लवी चौहान, उमेश पाठक, रेशु चौहान, हरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story