राहुल-प्रियंका के उत्तराखंड दौरे से चुनावी परिदृश्य पर असर नहीं पड़ेगा: महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
राहुल-प्रियंका के उत्तराखंड दौरे से चुनावी परिदृश्य पर असर नहीं पड़ेगा: महेंद्र भट्ट


-जैनी प्रकरण में पीड़िता के सामने आकर पक्ष रखने से स्थिति स्पष्ट होगी: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

देहरादून, 05 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे पर कहा कि इससे प्रदेश के चुनावी परिदृश्य पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शीर्ष नेता देवभूमि के अपमान के लिए जिम्मेदार हैं और उनके आने से जनता के पुराने जख्म ही हरे होंगे।

महेंद्र भट्ट ने बुधवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जनता ने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को फिर से प्रचंड बहुमत देने का मन बना लिया है। भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी की रैलियां हो रही हैं और चुनाव प्रबंधन का काम भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं का दौरा उनकी पार्टी की चुनावी संभावनाओं को और नुकसान पहुंचाएगा।

जैनी प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह मामला कांग्रेस शासनकाल का है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि पीड़िता जेनी स्वयं सामने आकर अपना पक्ष रखती हैं तो पूरे मामले की वस्तुस्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इससे उत्तराखंड पर लगे कथित दाग का भी पटाक्षेप हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने के बजाय तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।

कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के बयानों पर आपत्ति जताते हुए भट्ट ने कहा कि उन्हें तथ्यों के आधार पर बात करनी चाहिए। उन्होंने नंदप्रयाग की कथित घटना को लेकर रावत पर बिना तथ्य बयान देने का आरोप लगाया और कहा कि इस तरह की बयानबाजी उचित नहीं है। भट्ट ने चेतावनी दी कि यदि उनके खिलाफ तथ्यहीन बयान जारी रहे तो वह मानहानि का दावा करने पर विचार करेंगे।

कांग्रेस की भूमि बचाओ यात्रा पर भी भट्ट ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी भूमि से जुड़े घोटालों के मामले में कांग्रेस का अपना रिकॉर्ड रहा है। कहा कि राज्य सरकार ने अनुपयोगी सरकारी भूमि के रोजगार सृजन में इस्तेमाल के लिए नीति बनाई है, लेकिन कांग्रेस इसका विरोध कर रोजगार के अवसरों को प्रभावित करना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के इस रुख से जनता में नाराजगी है और आगामी चुनाव में पार्टी को इसका नुकसान उठाना पड़ेगा।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773124 Articles

Share this story