वायरल ऑडियो को लेकर मुध चौहान ने कांग्रेस पर साधा निशाना, निष्पक्ष जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
वायरल ऑडियो को लेकर मुध चौहान ने कांग्रेस पर साधा निशाना, निष्पक्ष जांच की मांग


देहरादून, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाइयों और परिजनों से जुड़े कथित वायरल ऑडियो को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑडियो में धमकी और अभद्र भाषा के इस्तेमाल के आरोप सामने आने से कांग्रेस के महिला सम्मान और न्याय संबंधी दावों पर सवाल उठते हैं।

मधु चौहान ने बुधवार को एक जारी बयान में कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं का अपमान और आम नागरिकों को डराने-धमकाने की कथित घटनाएं स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस से वायरल ऑडियो के संबंध में अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।

भाजपा नेत्री ने कहा कि कांग्रेस एक ओर न्याय यात्रा के माध्यम से न्याय और महिला सम्मान की बात कर रही है, दूसरी ओर उसके विधायक के परिजनों से जुड़े ऑडियो को लेकर आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का जवाब धमकी या अभद्र भाषा से देना उचित नहीं है।

मधु चौहान ने वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764671 Articles

Share this story