महेंद्र भट्ट 15 अगस्त को बनेंगे उत्तराखंड भाजपा के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रदेश अध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्र भट्ट 15 अगस्त को बनेंगे उत्तराखंड भाजपा के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रदेश अध्यक्ष


महेंद्र भट्ट 15 अगस्त को बनेंगे उत्तराखंड भाजपा के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रदेश अध्यक्ष


देहरादून, 14 अगस्त (हि.स.)। राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट 15 अगस्त को उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रदेश अध्यक्ष बन जाएंगे। पार्टी के अनुसार, भट्ट का प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल चार वर्ष 16 दिन का हो जाएगा, जो अब तक प्रदेश अध्यक्ष रहे नेताओं में सर्वाधिक है।

भाजपा की ओर से शुक्रवार को जारी बयान के अनुसार, भट्ट पार्टी के 10वें प्रदेश अध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड की सभी पांचों सीटों पर जीत दर्ज की। इसके अलावा बागेश्वर और केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव के साथ नगर निगम, नगर निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भी पार्टी को सफलता मिली।

पार्टी ने भट्ट के कार्यकाल में संगठन के बूथ और पन्ना स्तर तक विस्तार तथा कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार होने का दावा किया। भाजपा के अनुसार, प्राकृतिक आपदाओं और अन्य परिस्थितिजन्य घटनाओं के दौरान भी संगठन के कार्यकर्ताओं ने जनता के साथ मिलकर राहत एवं सेवा कार्यों में भागीदारी की।

भाजपा ने कहा कि भट्ट के सरल, मृदुभाषी और समन्वयकारी व्यवहार ने उन्हें कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय बनाया। पार्टी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उनके नेतृत्व में संगठन ने लगातार चुनावी सफलता हासिल की। सहकारी और दुग्ध समितियों सहित विभिन्न चुनावों में भी पार्टी के प्रदर्शन का उल्लेख किया गया है।

राज्य गठन के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सबसे पहले स्वर्गीय पूरन चंद्र शर्मा ने संभाली थी, जो नौ नवंबर 2000 से 14 सितंबर 2002 तक इस पद पर रहे। इसके बाद मनोहरकांत ध्यानी ने 15 सितंबर 2002 से 2004 तक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने 2004 से 2007 तक और स्वर्गीय बच्ची सिंह रावत ने 2007 से 12 जुलाई 2009 तक संगठन की कमान संभाली।

बिशन सिंह चुफाल 13 जुलाई 2009 से आठ फरवरी 2013 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे। उनके बाद पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने नौ फरवरी 2013 से 31 दिसंबर 2015 तक यह जिम्मेदारी निभाई। अजेय भट्ट एक जनवरी 2016 से 15 जनवरी 2020 तक, बंशीधर भगत 16 जनवरी 2020 से 12 मार्च 2021 तक और मदन कौशिक 13 मार्च 2021 से 30 जुलाई 2022 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे।

अजेय भट्ट का चार वर्ष 14 दिन का कार्यकाल अब तक सबसे लंबा था। महेंद्र भट्ट 15 अगस्त को उनसे दो दिन अधिक का कार्यकाल पूरा कर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।

भाजपा ने कहा कि भट्ट के रिकॉर्ड कार्यकाल को प्रदेश के कार्यकर्ता उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके नेतृत्व और प्रधानमंत्री मोदी तथा मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन में 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने का संकल्प भी जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story