भाजपा की प्रांतीय कार्यसमिति में मिशन 2027 का रोडमैप, हर मोर्चे को एक लाख सदस्य जोड़ने का लक्ष्य
-महिला, युवा, किसान और पिछड़े वर्गों तक पहुंचेगा संगठन, हर विधानसभा में निकलेगी जन आशीर्वाद यात्रा, धामी और केंद्रीय नेता भी होंगे शामिल
हरिद्वार, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी ने अपने सातों मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया है। इसके लिए जिला, मंडल और बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने के साथ सामाजिक संवाद, महिला चौपाल और नुक्कड़ सभाओं के जरिए विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने की रणनीति तैयार की गई है।
शनिवार को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित संयुक्त मोर्चा-प्रकोष्ठ प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सह प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद बांसुरी स्वराज और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन सत्र में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन को लेकर संतुष्ट होकर बैठने का समय नहीं है। प्रत्येक मोर्चे को एक लाख से अधिक नए लोगों को पार्टी से जोड़ना है। डबल इंजन सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। ऐसे में सदस्यता अभियान को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि मोर्चों के कार्यकर्ता पार्टी के अग्रिम सिपाही हैं और उन्हें अपने-अपने वर्ग तथा समाज के बीच संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
भट्ट ने कहा कि सरकार अधिकांश जनकल्याणकारी कार्य कर चुकी है और शेष कार्य भी भाजपा ही पूरा कर सकती है, यह विश्वास जनता के बीच मजबूत करना होगा। जल्द ही जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें महिलाओं, युवाओं, पिछड़े वर्गों और किसानों सहित सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि बैठक में पार्टी के सातों मोर्चों और 22 प्रकोष्ठों ने प्रतिभाग किया। महिला, युवा, अनुसूचित जाति और ओबीसी मोर्चों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। अन्य दलों के प्रभावशाली बूथ कार्यकर्ताओं के संपर्क में आने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इच्छुक लोगों को संबंधित मोर्चों के माध्यम से पार्टी में शामिल कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मोर्चे की जिला और मंडल कार्यसमिति की बैठकों की तिथियां तय कर दी गई हैं। दिसंबर के अंत तक सभी मंडलों की बैठकें पूरी कर ली जाएंगी। सामाजिक संवाद के तहत नुक्कड़ सभाएं, महिला चौपाल और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। किसान मोर्चा के गढ़वाल और कुमाऊं में दो बड़े सम्मेलन भी होंगे।
बैठक में तय किया गया कि रविवार को होने वाली विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय नेता भी शामिल होंगे।
प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने बताया कि दूसरे राज्यों से आए वरिष्ठ प्रवासी कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया है। इन्हें जल्द ही जिला विस्तारक का दायित्व सौंपा जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों के आधार पर जनता भाजपा को एक बार फिर जीत का आशीर्वाद देगी।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल सहित सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के प्रभारी, अध्यक्ष एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

