हैट्रिक के साथ बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपा : धामी
-प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री ने भरा चुनावी जीत का हुंकार, बोले- जीत का संकल्प लेकर लौटेंगे कार्यकर्ता
हरिद्वार, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। रविवार को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित पार्टी की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दावा किया कि भाजपा प्रदेश में हैट्रिक लगाते हुए बड़े बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का संकल्प लेकर कार्यकर्ता बैठक से लौटेंगे और पार्टी को फिर सत्ता में लाने के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए लाखों कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करेंगे। कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा विकास कार्यों को पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की जो गंगा आगे बढ़ रही है, उसे और अधिक गति से प्रवाहित करने के लिए भाजपा फिर से सरकार बनाने के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर काम करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में पार्टी की सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
बैठक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठनात्मक तैयारियों को धार देने पर भी चर्चा हो रही है।
बैठक के समापन सत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दोपहर तीन बजे के आसपास पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन में नई ऊर्जा का संचार करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए प्रेरित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा नेतृत्व इस विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति के माध्यम से मिशन-2027 की तैयारियों का आकलन करने के साथ ही संगठन की प्राथमिकताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने में जुटा है। पार्टी का जोर सरकार की उपलब्धियों और संगठन की सक्रियता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर चुनावी अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने पर है।
--
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

