हरिद्वार से भाजपा ने फूंका 2027 चुनाव का बिगुल, तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प
हरिद्वार, 22 नवंबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भाजपा ने हरिद्वार से चुनावी शंखनाद कर दिया है। रविवार को प्रेमनगर आश्रम में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर करीब तीन घंटे तक मंथन किया गया। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। भाजपा ने उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र, मंडल और सभी मोर्चों को सक्रिय करने की रणनीति बनाई जा रही है।
बैठक के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत सभी मोर्चों के पदाधिकारी शामिल हुए। प्रत्येक मोर्चे को एक लाख कार्यकर्ता जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ ही दूसरे दलों से भाजपा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं की संगठन में एंट्री कराने की जिम्मेदारी भी मोर्चों को सौंपी जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और साल के 365 दिन चुनाव के लिए तैयार रहती है। प्रदेश कार्यसमिति में शामिल हजारों पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहां से नए उत्साह और ऊर्जा के साथ लौटेंगे। सभी कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव में बड़े बहुमत के साथ भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है। पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र, मंडल और सभी मोर्चों को सक्रिय कर चुनाव के लिए तैयार किया जा रहा है। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ उत्तराखंड में विकास की गति को और तेज किया जाएगा।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार मुख्यमंत्री का चेहरा बनने के सवाल पर धामी ने मुस्कुराते हुए कहा कि चेहरा भाजपा होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और संगठन तथा कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी।
राजनाथ सिंह भी करेंगे कार्यकर्ताओं को संबोधित
बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी रविवार शाम हरिद्वार पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से प्रेमनगर आश्रम पहुंचकर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

