उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने पर अखिलेश पर बरसी भाजपा, कांग्रेस की चुप्पी पर भी उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने पर अखिलेश पर बरसी भाजपा, कांग्रेस की चुप्पी पर भी उठाए सवाल


देहरादून, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक विनोद चमोली ने आरोप लगाया कि अखिलेश के बयान पर कांग्रेस नेताओं की चुप्पी से सपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक संरक्षण का सवाल उठता है।

पार्टी मुख्यालय में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में चमोली ने कहा कि किसी भी भारतीय नागरिक को देश के किसी भी राज्य में रहने का अधिकार है। ऐसे में उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना गंभीर और निंदनीय है। उन्होंने इस विवाद को उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं से जोड़ते हुए तत्कालीन मुलायम सिंह यादव सरकार और केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

चमोली ने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान उत्तराखंड के लोगों को संघर्ष करना पड़ा और मुजफ्फरनगर कांड जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कांग्रेस ने मुलायम सिंह यादव सरकार को बचाने का काम किया था। उन्होंने इसी संदर्भ में आंदोलन के दौरान प्रचलित नारे 'असली दोषी कौन है, जो दिल्ली में मौन है' का उल्लेख किया।

भाजपा विधायक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयानों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस नेतृत्व उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताए जाने के मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करेगा। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं हरीश रावत, हरक सिंह रावत और प्रीतम सिंह से भी इस मामले में प्रतिक्रिया देने की मांग की।

चमोली ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में उन्हें घुसपैठिया बताने संबंधी बयान पर राजनीतिक दलों को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले में अखिलेश यादव के बयान और कांग्रेस की चुप्पी, दोनों का विरोध करती है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766257 Articles

Share this story