एसआईआर पर कांग्रेस के आरोपों को भट्ट ने किया खारिज
देहरादून, 27 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने राहुल गांधी और कांग्रेस के एसआईआर और निर्वाचन आयोग से जुड़े आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया कानून के तहत और आयोग के सर्वसम्मत निर्णय से आगे बढ़ रही है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी असफलता से ध्यान हटाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि जनादेश का सम्मान करने के बजाय निर्वाचन आयोग और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर भ्रम पैदा किया जा रहा है।
उन्होंने निर्वाचन आयोग के स्पष्टीकरण का हवाला देते हुए कहा कि एसआईआर से जुड़े निर्णय मुख्य निर्वाचन आयुक्त और दोनों निर्वाचन आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए हैं। उनके मुताबिक, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 21(3) आयोग को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का अधिकार देती है।
महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन राज्यों में उसे या विपक्ष को चुनावी सफलता मिलती है, वहां निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाए जाते। उन्होंने केरल, तमिलनाडु और बिहार के बांकीपुर उपचुनाव का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने के बजाय कांग्रेस को तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस से निर्वाचन आयोग को लेकर लगाए गए आरोपों पर माफी मांगने की मांग की।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

