हल्द्वानी विवाद पर भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, दलित सम्मान को लेकर घेरा

WhatsApp Channel Join Now
हल्द्वानी विवाद पर भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, दलित सम्मान को लेकर घेरा


देहरादून, 01 सितंबर (हि.स.)। हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम और दलित युवाओं से जुड़े विवाद को लेकर भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर दलित सम्मान के मुद्दे को राजनीतिक रंग देने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और सरकारी संस्थानों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि कांग्रेस दलित सम्मान की बात कर रही है, लेकिन राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कथित धमकियों का सामना कर रहे दलित युवाओं की सुरक्षा पर उसे अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सामाजिक परंपराओं और संवेदनशील विषयों को समझे बिना राजनीतिक बयानबाजी करना उचित नहीं है।

आर्य ने दावा किया कि हल्द्वानी में आयोजित शुद्धिकरण कार्यक्रम किसी स्वतंत्र सामाजिक संस्था ने किया था और संस्था ने भाजपा से किसी संबंध से इनकार किया है। इसके बावजूद घटना को भाजपा से जोड़ना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने और सामाजिक मुद्दों के जरिए विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कैबिनेट मंत्री खजान दास के हवाले से कहा कि देहरादून और हल्द्वानी में एसएसपी कार्यालयों पर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान अराजकता फैलाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक विरोध का अधिकार है, लेकिन सरकारी कार्यालयों में हंगामा कर पुलिस-प्रशासन पर दबाव बनाना स्वीकार्य नहीं है। कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में संस्थाओं को स्वतंत्र रूप से काम करने देना चाहिए।

पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी हल्द्वानी की घटना को लेकर तथ्यहीन और जातिवादी नैरेटिव खड़ा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन दलित युवाओं ने हवन-पूजन में भाग लिया, उन्हीं को कांग्रेस के राजनीतिक विमर्श में दलित विरोध का प्रतीक बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। भगत ने कहा कि इस मामले का जवाब तथ्यों और कानून के माध्यम से दिया जाएगा।

नैनीताल विधायक सरिता आर्य ने कांग्रेस के धरना-प्रदर्शनों को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की लोकप्रियता से घबराकर जातिवादी राजनीति का सहारा ले रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी से प्रदेश का सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश हो रही है, लेकिन जनता ऐसे प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगी।

भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि दलित सम्मान, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था जैसे संवेदनशील मुद्दों को राजनीतिक ध्रुवीकरण का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस से सरकारी संस्थानों की मर्यादा बनाए रखने और विवाद को राजनीतिक प्रदर्शन के बजाय तथ्यों एवं कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से उठाने की अपील की।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story