देहरादून में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया 2047 तक विकसित भारत का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
देहरादून में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया 2047 तक विकसित भारत का संकल्प


देहरादून, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर की ओर से बुधवार को देहरादून में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और विजय बहुगुणा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस अवधि में उनके सामने आई प्रत्येक घटना ने उन्हें कुछ न कुछ सिखाया।

प्रधानमंत्री के आह्वान पर कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने ‘आई विल डू इट’ के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का निश्चय किया। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं को विकसित भारत-2047 का संकल्प दिलाया।

इसके बाद प्रदेश प्रभारी राम माधव, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली। यात्रा सभागार से सर्वे चौक, कनक चौक और रेसकोर्स होते हुए लैंसडाउन चौक पहुंची, जहां दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, उमेश शर्मा ‘काऊ’, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, सहदेव सिंह पुंडीर, प्रेमचंद अग्रवाल, ज्योति प्रसाद गैरोला, पुनीत मित्तल, मधु भट्ट, श्याम अग्रवाल, कुलदीप बुटोला, विनय रोहिल्ला, महानगर प्रभारी राकेश गिरी, महानगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों समेत पार्टी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story