भाजपा की ‘सेवा ज्योति यात्रा’ की कमान संभालेंगे प्रदेश प्रभारी, मुख्यमंत्री धामी और अध्यक्ष
देहरादून, 06 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा सात अक्टूबर (बुधवार) को उत्तराखंड में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालेगी। प्रदेश में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत वरिष्ठ नेता अलग-अलग स्थानों पर यात्रा की कमान संभालेंगे। उत्तराखंड में यात्रा के तहत जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, मंत्री और प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के संयोजक कुंदन परिहार ने मंगलवार को बताया कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश प्रभारी राम माधव का वर्चुअल संबोधन होगा। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और कुंदन परिहार मौजूद रहेंगे। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी कार्यकर्ता परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में एकत्र होंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन के बाद विकसित भारत के सामूहिक संकल्प का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय प्रतिनिधियों की ओर से ‘सेवा ज्योति’ प्रज्ज्वलित की जाएगी। सेवा ज्योति यात्रा के दीप को बाद में लैंसडाउन चौक पर स्थापित किया जाएगा।
भाजपा के अनुसार,सभी जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों में भी इसी तरह के कार्यक्रम होंगे। इनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी रहेगी। पार्टी ने विभिन्न जिलों के कार्यक्रमों के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी है। उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह,टिहरी में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल,ऊधम सिंह नगर में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और हरिद्वार में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत अन्य नेता शामिल होंगे।
पौड़ी में तीरथ सिंह रावत,अनिल बलूनी और डॉ.धन सिंह रावत,पिथौरागढ़ में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, बागेश्वर में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा,अल्मोड़ा में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल,चंपावत में कैबिनेट मंत्री खजान दास,नैनीताल में सांसद अजय भट्ट और चमोली में विधायक अनिल नौटियाल और भोपाल राम टम्टा कार्यक्रम में शामिल होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

