भाजपा उम्मीदवार दिनेश आर्य राज्यसभा के लिए मंगलवार को दाखिल करेंगे नामांकन

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा उम्मीदवार दिनेश आर्य राज्यसभा के लिए मंगलवार को दाखिल करेंगे नामांकन


देहरादून, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा उम्मीदवार दिनेश आर्य मंगलवार को विधानसभा में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने उनके निर्विरोध निर्वाचित होने की उम्मीद जताई है।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने सोमवार को बताया कि राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद दिनेश आर्य ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा समेत प्रदेश नेतृत्व से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पार्टी की विधि टीम ने नामांकन से संबंधित औपचारिक प्रक्रिया भी पूरी की।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि दिनेश आर्य पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता रहे हैं और लंबे समय तक संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उन्होंने कहा कि आर्य जिलाध्यक्ष भी रहे हैं और कुमाऊं क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने में उनका योगदान रहा है। भट्ट ने पार्टी नेतृत्व के निर्णय पर कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों में उत्साह होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को उम्मीद है कि दिनेश आर्य राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होंगे।

मनवीर चौहान के अनुसार,पार्टी के निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार सुबह 10 बजे भाजपा के सभी विधायक विधानसभा में एकत्र होंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे दिनेश आर्य नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story