भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन, शुद्धिकरण विवाद को लेकर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन, शुद्धिकरण विवाद को लेकर साधा निशाना


देहरादून, 07 सितंबर (हि.स.)। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ सोमवार को प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर हल्द्वानी के मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण को लेकर दुष्प्रचार करने और सामाजिक भाईचारा बिगाड़ने का आरोप लगाया।

देहरादून में गांधी पार्क में आयोजित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने सामाजिक समरसता, सामाजिक सौहार्द, समान अवसर और समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कांग्रेस से दलित, वंचित और पिछड़े समाज के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए उसके लंबे शासनकाल में किए गए कार्यों का हिसाब देने की मांग की।

नेताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में डॉ. अंबेडकर के विचारों को संस्थागत रूप से आगे बढ़ाने और वंचित समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए।

भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना जनता का अधिकार है और राजनीतिक दलों को तथ्यों के साथ उनका जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा समाज में विभाजन के बजाय सामाजिक समरसता, आपसी सम्मान, समान अवसर और भाईचारे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर आयोजित धरना-प्रदर्शनों के माध्यम से सामाजिक एकता, समानता और सम्मान का संदेश दिया गया। मोर्चा ने कहा कि वंचित एवं पिछड़े वर्गों के सम्मान और सामाजिक समरसता के लिए उसकी आवाज आगे भी जारी रहेगी।

देहरादून में आयोजित प्रदर्शन में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी, मेयर सौरभ थपलियाल, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, पूर्व मेयर सुनील उनियाल ‘गामा’, विनय गोयल, विधायक विनोद चमोली, रणजीत सिंह जाखी, दयाराम और धीरज भंडारी समेत भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story