आधी आबादी को पूर्ण अधिकार देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है विशेष सत्र: महेंद्र भट्ट
देहरादून, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकार मिलने से अब कोई नहीं रोक सकता और संसद का आगामी विशेष सत्र आधी आबादी को पूर्ण अधिकार देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ ने बुधवार काे एक बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति को संवैधानिक अधिकार देने का यही सही समय है। उन्होंने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों से अपील की कि वे राजनीतिक मतभेद भुलाकर महिला आरक्षण संशोधन विधेयक का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को जल्द लागू करने के प्रयासों का विरोध उचित नहीं है। साथ ही विपक्ष द्वारा ओबीसी आरक्षण को लेकर उठाई जा रही बहस को उन्होंने अनावश्यक बताते हुए कहा कि यह महिला अधिकारों की प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास है।
महेंद्र भट्ट ने परिसीमन प्रक्रिया को भी आवश्यक बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रतिनिधित्व का संतुलन सुनिश्चित किया जाएगा और महिला आरक्षण का लाभ देशभर में समान रूप से पहुंचेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने पूर्व में महिला आरक्षण को प्राथमिकता नहीं दी और अब इस पर राजनीति कर रहा है। भाजपा ने स्पष्ट किया कि महिलाओं को उनका अधिकार दिलाना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

