दिनेश आर्य के चयन से आम कार्यकर्ता के सम्मान की भाजपा नीति फिर साबित: महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
दिनेश आर्य के चयन से आम कार्यकर्ता के सम्मान की भाजपा नीति फिर साबित: महेंद्र भट्ट


देहरादून, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उत्तराखंड से दिनेश आर्य को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि आर्य का चयन पार्टी के निष्ठावान और जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान तथा समाज के अंतिम छोर तक पहुंचे वर्गों के उत्थान के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि दिनेश आर्य ने लंबे समय तक पार्टी संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। उनके सांगठनिक अनुभव और सार्वजनिक जीवन का लाभ राज्य को राज्यसभा में मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आर्य उच्च सदन में उत्तराखंड के विकास, क्षेत्रीय मुद्दों और जनकल्याण से जुड़े विषयों को उठाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार की जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी के पास पर्याप्त संख्या बल है। उन्होंने कांग्रेस से दिनेश आर्य के समर्थन की अपील भी की। भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को सकारात्मक रुख अपनाते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खड़ा होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दिनेश आर्य का चयन विपक्ष के लिए भले ही अप्रत्याशित हो, लेकिन भाजपा में सामान्य कार्यकर्ताओं को संगठन में आगे बढ़ने के अवसर मिलते रहे हैं। भट्ट ने कहा कि छह अक्टूबर को आर्य के नामांकन के साथ राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story