उत्तराखंड के निवेश पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस शासित राज्यों की स्थिति देखें राहुल गांधी: महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड के निवेश पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस शासित राज्यों की स्थिति देखें राहुल गांधी: महेंद्र भट्ट


उत्तराखंड के निवेश पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस शासित राज्यों की स्थिति देखें राहुल गांधी: महेंद्र भट्ट


देहरादून, 18 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर उत्तराखंड में निवेश को लेकर चुनिंदा उदाहरणों के आधार पर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें राज्य के विकास पर टिप्पणी करने से पहले कांग्रेस शासित राज्यों की आर्थिक स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए।

भाजपा की ओर से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी जिस डिजिटल मीडिया संस्थान की रिपोर्ट का हवाला देकर उत्तराखंड में निवेश पर सवाल उठा रहे हैं, उसके संबंध में राज्य सरकार जुलाई में ही कानूनी नोटिस जारी कर चुकी है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के अनुसार, संबंधित मीडिया संस्थान ने अब तक जवाब नहीं दिया है और उसके संपादक के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया गया है।

महेंद्र भट्ट ने रिपोर्ट में आटा चक्कियों,खाद-बीज की दुकानों और छोटे उद्योगों को प्रमुखता दिए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि बड़े औद्योगिक समूहों, विश्वविद्यालयों और ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं का उल्लेख भी किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम उद्यम अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करते हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और राज्य सरकार के अनुसार, एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य में छोटे उद्यमियों से लेकर बड़े औद्योगिक समूहों तक की भागीदारी से उद्योगों का विस्तार हो रहा है।

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी से वहां निवेश और रोजगार की स्थिति पर भी सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि निवेश के आंकड़ों पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है,लेकिन चुनिंदा उदाहरणों के आधार पर पूरे प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नकारना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में छोटे और बड़े,दोनों तरह के उद्योग निवेश कर रहे हैं और राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763221 Articles

Share this story