मौजूदा विधानसभा के आखिरी सत्र में जनहित के मुद्दों पर चर्चा करे कांग्रेस: महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
मौजूदा विधानसभा के आखिरी सत्र में जनहित के मुद्दों पर चर्चा करे कांग्रेस: महेंद्र भट्ट


देहरादून, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की प्रस्तावित न्याय यात्रा और विधानसभा घेराव पर पलटवार करते हुए कहा कि जनता पांच साल से कांग्रेस के ऐसे राजनीतिक नाटक देखते-देखते ऊब चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधानसभा का आखिरी सत्र होने के कारण सदन में जनहित के मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा और सकारात्मक निर्णय लिए जाने चाहिए।

भाजपा मुख्यालय में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में भट्ट ने कहा कि चुनावी वर्ष में कांग्रेस मुद्दाविहीन हो गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सदन के भीतर अपनी बात रखनी चाहिए लेकिन कांग्रेस सदन की कार्यवाही बाधित करने का प्रयास भी कर सकती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा घेराव के पीछे कांग्रेस के प्रमुख मुद्दे अब तक स्पष्ट नहीं हैं और सरकार के खिलाफ उसके आरोपों का कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है।

भाजपा से नेताओं के कांग्रेस में जाने के दावों पर भट्ट ने कहा कि चुनावी वर्ष में कुछ लोग कांग्रेस में जा सकते हैं तो कुछ भाजपा में भी आएंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कुछ नेता भी भाजपा में शामिल होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल किए जाने वाले नेताओं को लेकर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और जल्द ही इसकी तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।

------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story