जनता का विकास पर अटूट भरोसा, शेष 23 सीटों पर भी खिलेगा कमल : भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
जनता का विकास पर अटूट भरोसा, शेष 23 सीटों पर भी खिलेगा कमल : भट्ट


-कांग्रेस प्रभारी के दौरे को बताया सियासी पर्यटन,बोले-दुष्प्रचार से नहीं डिगेगा जनता का विश्वास

देहरादून, 19 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर राजनीतिक दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता का भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर अटूट विश्वास है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों से जनता बदलाव महसूस कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चुनाव में जिन 23 सीटों पर भाजपा को सफलता नहीं मिली थी, इस बार वहां भी कमल खिलेगा।

गुरुवार को जारी बयान में महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी के उत्तराखंड दौरे को सियासी पर्यटन करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता उनके दौरे को लेकर आपस में ही गुटबाजी और खींचतान में जुटे हैं, जबकि प्रदेश में भाजपा सरकार के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ गांव से लेकर शहर तक लोगों को मिल रहा है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत मुफ्त राशन, अटल आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा, उज्ज्वला योजना, सौभाग्य, पीएम सूर्य घर और हर घर नल से जल जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में बदलाव किया है। प्रदेश में आवागमन की सुविधाएं बेहतर हुई हैं और लोगों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है।

उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून के तहत पारदर्शी परीक्षाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई से भी सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को यूसीसी, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून जैसे फैसलों से परेशानी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अवैध धार्मिक अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस प्रभारी को धारचूला और चकराता के मामलों पर भी अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी। उन्होंने धारचूला विधायक पर कथित गुंडागर्दी और महिलाओं के अपमान का आरोप लगाया। साथ ही चकराता में महिलाओं को धमकाने और अपशब्द कहने के मामले में भी कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को भी उत्तराखंड में भाजपा की मजबूत स्थिति का अहसास है। यही वजह है कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस के नेता प्रदेश के दौरे कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के स्थानीय नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रभारी के दौरे को लेकर पार्टी में अनावश्यक गुटबाजी और टिकट के लिए खींचतान चल रही है। कांग्रेस में टिकट वितरण के समय जनता और कार्यकर्ताओं की राय के बजाय अन्य समीकरणों को महत्व दिया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story