चुनाव जीतने में असफल कांग्रेस गंदे राजनीतिक हथकंडे अपना रही: महेंद्र भट्ट
देहरादून, 07 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर चुनावी हार से बौखलाकर जातिवादी और विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा को पराजित करने में असफल कांग्रेस अब सत्ता हासिल करने के लिए राजनीतिक हथकंडों का सहारा ले रही है।
भट्ट ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस जनता का विश्वास जीतने में लगातार नाकाम रही है। चुनावों में बार-बार मिली हार के बाद कांग्रेस अब समाज के बीच आपसी भरोसा और सौहार्द तोड़ने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नकारात्मक और जातिवादी राजनीति के जरिए प्रदेश के सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने कांग्रेस को हर मोर्चे पर नकार दिया है, जिसके बाद पार्टी नेता हताशा में देवभूमि की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के पास अब अपना कोई विजन और नीति नहीं बची है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं का ध्यान राज्य की जनता और विकास के बजाय दिल्ली में बैठे अपने नेतृत्व के बयानों को सही ठहराने पर अधिक है।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को दलित समाज की चिंता नहीं, बल्कि अपने ‘युवराज’ के बयानों को सही साबित करने की चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कथित शुद्धिकरण प्रकरण समेत अन्य मुद्दों को राजनीतिक रंग देकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस के इन राजनीतिक हथकंडों और कथित नकारात्मक मंसूबों को समझ चुकी है। जनता इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से अपने मताधिकार के माध्यम से देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की शांति, सामाजिक सौहार्द और विकास को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को जनता स्वीकार नहीं करेगी।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

