दिनेश आर्य उच्च सदन में कमजोर और पिछड़े वर्गों की आवाज बनेंगे : भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
दिनेश आर्य उच्च सदन में कमजोर और पिछड़े वर्गों की आवाज बनेंगे : भट्ट


देहरादून, 09 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने दिनेश आर्य के राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आर्य उच्च सदन में उत्तराखंड के विकास से जुड़े मुद्दों के साथ कमजोर और पिछड़े वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।

महेंद्र भट्ट ने यहां शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि आर्य का राज्यसभा के लिए चयन संगठन के प्रति उनके समर्पण, निष्ठा और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आर्य के राजनीतिक और सांगठनिक अनुभव से प्रदेश के विकास से जुड़े जनहित के विषयों को केंद्र स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि आर्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।

उन्होंने कहा कि आर्य के संसद में पहुंचने से प्रदेश की प्राथमिकताओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को उठाने का अवसर मिलेगा। भाजपा प्रदेश नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी दिनेश आर्य के निर्विरोध निर्वाचन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story