न्याय यात्रा से पहले कांग्रेस आत्ममंथन करे, युवाओं से मांगे माफी: मनवीर चौहान

WhatsApp Channel Join Now
न्याय यात्रा से पहले कांग्रेस आत्ममंथन करे, युवाओं से मांगे माफी: मनवीर चौहान


देहरादून, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस की प्रस्तावित न्याय यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि न्याय की बात करने से पहले कांग्रेस को अपने कार्यकाल में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर उठे सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में नौकरियों और भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। ऐसे में पार्टी को न्याय यात्रा निकालने से पहले प्रदेश के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए।

बुधवार को जारी बयान में मनवीर चौहान ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहते हुए जवाबदेही से बचती रही और अब विपक्ष में रहकर जनहित के मुद्दों पर यात्रा निकाल रही है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि उसके कार्यकाल में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर उठे सवालों की जिम्मेदारी कौन लेगा और युवाओं को रोजगार देने के लिए उसने क्या ठोस कदम उठाए थे।

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को मुस्लिम विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़े विवाद और सरकारी कर्मचारियों के लिए शुक्रवार की छुट्टी को लेकर हुई राजनीतिक चर्चाओं पर भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की धार्मिक आस्था, सामाजिक संवेदनशीलता और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।

मनवीर चौहान ने वर्ष 2016 के राजनीतिक घटनाक्रम और उस समय सामने आए स्टिंग ऑपरेशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार की कार्यशैली और राजनीतिक नैतिकता पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने अतीत से जुड़े सवालों का जवाब देने से बचने के बजाय अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन कांग्रेस को अपने शासनकाल में इन समस्याओं के समाधान के लिए किए गए कार्यों का भी हिसाब देना चाहिए। केवल सरकार पर आरोप लगाने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। जनता को ठोस योजनाओं और जवाबदेही की जरूरत है।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन आरोपों के समर्थन में प्रमाण भी प्रस्तुत किए जाने चाहिए।---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story