राहुल गांधी की टिप्पणी पर निशंक ने जताई आपत्ति, बोले-उत्तराखंड के स्वाभिमान का अपमान

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी की टिप्पणी पर निशंक ने जताई आपत्ति, बोले-उत्तराखंड के स्वाभिमान का अपमान


देहरादून, 18 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि यह उत्तराखंड के गौरव और सैन्य परंपरा का अपमान है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की ओर से आज जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री निशंक ने कहा कि डोभाल ने देश की सुरक्षा और एकता के लिए लंबे समय तक सेवा की है और उनके प्रति सार्वजनिक विमर्श में मर्यादा बनाए रखी जानी चाहिए।

रमेश पोखरियाल निशंक ने कांग्रेस पर सेना और सैन्य नेतृत्व से जुड़े मुद्दों पर पहले भी आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया। उन्होंने वर्ष 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट हवाई हमले और गलवान घाटी की घटना के बाद कांग्रेस नेताओं के रुख का उल्लेख करते हुए पार्टी की आलोचना की।

उन्होंने कांग्रेस से यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या राहुल गांधी की टिप्पणी पार्टी का आधिकारिक रुख है और क्या पार्टी उत्तराखंड के उन व्यक्तित्वों के बारे में की गई टिप्पणियों का समर्थन करती है, जिन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में योगदान दिया है।

निशंक ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की रक्षा में योगदान देने वाले लोगों के सम्मान को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763214 Articles

Share this story