कांग्रेस का मुख्यमंत्री आवास घेराव फ्लॉप: मनवीर चौहान

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस का मुख्यमंत्री आवास घेराव फ्लॉप: मनवीर चौहान


देहरादून, 07 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को फ्लॉप बताते हुए इसे राजनीतिक अवसरवादियों का जमावड़ा करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विभाजनकारी और जातिवादी राजनीति को जनता ने नकार दिया है तथा प्रदेश की जनता एकता, सामाजिक सद्भाव, विकास और जनकल्याण के साथ खड़ी है।

पार्टी मुख्यालय में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में मनवीर चौहान ने कहा कि कांग्रेस स्वार्थ के लिए किए जा रहे शोरगुल को जनता ने स्वीकार नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जातिवादी और झूठे मुद्दों के सहारे अपनी खोई राजनीतिक जमीन तलाशने की कोशिश कर रही है, लेकिन इसमें उसे सफलता नहीं मिल रही है।

उन्होंने कहा कि कथित शुद्धिकरण प्रकरण और अन्य मुद्दों को जिस तरह कांग्रेस राजनीतिक रूप देने का प्रयास कर रही है, उसे आम जनता का समर्थन नहीं मिला। चौहान ने दावा किया कि कार्यक्रम में मुख्य रूप से टिकट की कतार में लगे नेता और उनके समर्थक ही शामिल हुए, जबकि आम लोगों ने इससे दूरी बनाए रखी।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश में भ्रम फैलाकर सामाजिक सौहार्द का वातावरण खराब करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में राजनीतिक रूप से कमजोर पड़ चुकी कांग्रेस अपने केंद्रीय नेताओं के माध्यम से भी कथित तौर पर झूठे मुद्दों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

मनवीर चौहान ने दावा किया कि जनता कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति को समझ चुकी है और उसने इस कथित राजनीतिक नौटंकी से दूरी बनाकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता राज्य की एकता, सामाजिक सद्भाव, तेज विकास और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने राजनीतिक हथकंडों का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story