कांग्रेस का ‘भूमि बचाओ’ अभियान राजनीतिक जमीन बचाने की छटपटाहट: शर्मा
हरिद्वार, 04 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बुधवार को प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस के ‘भूमि बचाओ’ अभियान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह अभियान भूमि संरक्षण की मुहिम नहीं, बल्कि डूबती राजनीतिक जमीन बचाने की छटपटाहट है। जिस कांग्रेस पर अपने शासनकाल में जमीनों की बंदरबांट के आरोप लगे, वही आज भूमि संरक्षण की चैंपियन बनने का ढोंग कर रही है।
आशुतोष शर्मा ने नानीसार प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि हरीश रावत सरकार के कार्यकाल में 7.061 हेक्टेयर पंचायत भूमि महज 1200 रुपये सालाना किराये पर 30 साल की लीज पर आवंटित की गई थी। फैसले का विरोध करने वाले 381 लोगों पर मुकदमे दर्ज हुए और मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा।
कांग्रेस को इस मामले में जवाबदेही तय करनी चाहिए।
धौलास भूमि विवाद पर उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थान के नाम पर करीब 20 एकड़ जमीन खरीदने की अनुमति दी गई, लेकिन फरवरी 2026 की प्रशासनिक जांच में जमीन 15 लोगों को बेचे जाने और छोटे प्लॉटों में बांटकर करीब 80 खरीदारों तक पहुंचने की बात सामने आई। उन्होंने सवाल उठाया कि शिक्षा के लिए खरीदी गई जमीन प्लॉटिंग तक कैसे पहुंच गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं को जमीन आवंटन और टाटा मोटर्स-सिडकुल प्रकरण को लेकर भी कांग्रेस को घेरा। कहा कि वर्ष 2006 में पंतनगर में टाटा मोटर्स को 975.44 एकड़ जमीन 125 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से आवंटित की गई थी। बाद में वेंडर कंपनियों को जमीन आवंटन पर भी सवाल उठे। कांग्रेस को अपने कार्यकाल के आवंटनों और जांचों का हिसाब जनता को देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार सरकारी जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने, भू-कानून लागू रखने, स्थानीय हितों की रक्षा करने और अनुपयोगी भूमि का प्रदेश की अर्थव्यवस्था के हित में इस्तेमाल करने के संकल्प के साथ काम कर रही है। कांग्रेस के राजनीतिक अभियान से प्रदेश का विकास रुकने वाला नहीं है।
प्रेस वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा व निपेंद्र चौधरी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष लोकेश पाल और जिला कार्यालय प्रभारी नकली राम सैनी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

