बूथ मजबूत कर चुनाव की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता: तरुण चुघ

WhatsApp Channel Join Now
बूथ मजबूत कर चुनाव की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता: तरुण चुघ


देहरादून, 15 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने रविवार को कार्यकर्ताओं से “बूथ जीता, चुनाव जीता” के मूलमंत्र के साथ आगामी चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रशिक्षण अभियान पूरे देश की तरह उत्तराखंड में भी जारी है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना प्राथमिकता है।

देहरादून के कुआंवाला स्थित एक निजी संस्थान में आयोजित संगठनात्मक बैठक में भाजपा नेता चुघ ने कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को बीएलए-1 और बीएलए-2 की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उत्तराखंड में शत-प्रतिशत बीएलए-1 के गठन के साथ जल्द ही सभी बीएलए-2 भी नियुक्त किए जाएंगे।

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि धामी आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य निर्माण के लिए कार्य कर रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘उत्तराखंड का दशक’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में प्रयासरत हैं। गौतम ने कहा कि राज्य सरकार आपदाओं के समाधान के साथ विकास के मिशन में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की राष्ट्रवादी और सांस्कृतिक विचारधारा के साथ खड़ी है और केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार के कार्यों पर भरोसा जता रही है। उन्होंने विपक्ष पर लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को सभी संवैधानिक प्रक्रियाओं में सहयोग कर मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का विशेष महत्व है और इसके लिए संगठनात्मक मजबूती तथा प्रभावी चुनावी रणनीति जरूरी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं के सामर्थ्य के बल पर भाजपा प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल होगी।

बैठक में प्रदेश महामंत्री अजेय कुमार ने संगठन की गतिविधियों और कार्ययोजनाओं की समीक्षा की और जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक ढांचा शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story