उत्तराखंड में भाजपा का मिशन 60 पार, राम माधव बोले-अब संगठन के साथ राजनीतिक भूमिका में आएं कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में भाजपा का मिशन 60 पार, राम माधव बोले-अब संगठन के साथ राजनीतिक भूमिका में आएं कार्यकर्ता


देहरादून, 02 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश संगठनात्मक बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों,संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर मंथन हुआ। प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में 60 से अधिक सीटों के लक्ष्य को लेकर राजनीतिक स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब संगठनात्मक कार्य के साथ राजनीतिक कार्यकर्ता की भूमिका में आकर केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाना होगा।

शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी का पद संभालने के बाद पहली बार पहुंचे राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों,जिला अध्यक्षों,जिला प्रभारियों,सह प्रभारियों और मंत्रियों का परिचय कराया गया।

राम माधव ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं ने काम किया है। अब शेष समय राजनीतिक दृष्टि से सक्रिय होकर चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाने का है। उन्होंने कहा कि पार्टी को केवल सामान्य बहुमत हासिल करने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि 60 पार के लक्ष्य के साथ चुनाव में उतरना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने उत्तराखंड में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में काम किया है। इन कार्यों का संदेश समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने के साथ विपक्ष की कमजोरियों और उसकी नीतियों को भी जनता के सामने रखने को कहा।

राम माधव ने कहा कि देश में कई ऐसे राज्य हैं, जहां भाजपा लगातार तीन बार चुनाव जीत चुकी है। उत्तराखंड को भी इस श्रेणी में शामिल करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को पहली बार चुनाव लड़ने और पहली बार जीतने जैसी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर पार्टी के कार्यक्रमों और सरकार के विकास एवं जनकल्याण कार्यों का संदेश बूथ स्तर तक पहुंचाया जाना चाहिए। चुनावी रणनीति को केवल बैठकों तक सीमित रखने के बजाय जनता के बीच प्रभावी उपस्थिति के रूप में आगे बढ़ाने की जरूरत है।

सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि अब सरकार के रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के बीच जाने का समय है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने को कहा।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें धर्म, क्षेत्र और जाति के बाद अब युवाओं को उम्र के आधार पर बांटने की राजनीति कर रही हैं। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि अलग-अलग राजनीतिक पहचान के बावजूद उनकी विचारधारा देश और सनातन विरोधी है। बांसुरी स्वराज ने कहा कि ऐसी राजनीति को जनता के सामने उजागर करने की जरूरत है।

प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के स्तर पर किए गए कार्यों की राजनीतिक परीक्षा का समय आ गया है। प्रदेश के निर्णय और कार्यक्रम बूथ स्तर तक पहुंचने चाहिए तथा बूथों से आने वाली समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

भट्ट ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि शहर से गांव तक उत्तराखंड के विकास मॉडल की चर्चा होनी चाहिए।

प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने चुनावी तैयारियों के लिए 'मेरा बूथ सबसे मजबूत’ और ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ पर फोकस करने को कहा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को बहुमत हासिल करने के साथ सीटों की संख्या बढ़ाने के लक्ष्य पर भी काम करना है।

बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने 14 सितंबर 2025 से अब तक हुए संगठनात्मक कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें ‘मन की बात’, बूथ सशक्तीकरण, कोर कमेटी एवं अन्य बैठकों, सेवा संकल्प अभियान, युवा संवाद, लखपति दीदी और लाभार्थी कार्यक्रमों सहित विभिन्न अभियानों की जानकारी दी गई।

बैठक में राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि भी दी गई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, सुबोध उनियाल, राम सिंह खेड़ा, खजान दास, सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, भरत चौधरी और रेखा आर्य सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और सह प्रभारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेशभर में चलाए गए विभिन्न अभियानों की प्रगति की जानकारी भी बैठक में दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story