भाजपा राष्ट्रीय संगठन में बढ़ा उत्तराखंड का कद,चार नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा राष्ट्रीय संगठन में बढ़ा उत्तराखंड का कद,चार नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी


देहरादून, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने से प्रदेश का राष्ट्रीय संगठन में कद बढ़ा है। महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने पर उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नवनियुक्त केंद्रीय पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

नई टीम में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को पुनः राष्ट्रीय मीडिया संयोजक, महेंद्र पांडेय को केंद्रीय कार्यालय सचिव और आलोक भट्ट को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों के बाद भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में उत्तराखंड से जुड़े नेताओं की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में गठित नई राष्ट्रीय टीम के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में नई राष्ट्रीय टीम संगठन की विचारधारा और राष्ट्रसेवा के संकल्प को और अधिक व्यापकता प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

महेंन्द्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश के इन नेताओं का लंबा सांगठनिक अनुभव और कार्यकुशलता पार्टी को और मजबूत करने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा उत्तराखंड के नेताओं पर जताया गया विश्वास राज्य के लिए सम्मान की बात है और इससे राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अनिल बलूनी को पुनः राष्ट्रीय मीडिया संयोजक, महेंद्र पांडेय को राष्ट्रीय कार्यालय सचिव और आलोक भट्ट को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दिए जाने पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया।

प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि राष्ट्रीय संगठन में उत्तराखंड के चार नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story