भाजपा कार्यकर्ताओं ने नितिन नबीन के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर मनाया जश्न
देहरादून, 20 जनवरी (हि.स.)। उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने नितिन नबीन के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर मंगलवार काे बलबीर रोड पर स्थित पार्टी मुख्यालय पर जश्न मनाया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नए अध्यक्ष नबीन के नेतृत्व में भाजपा को और अधिक मजबूत करने का भरोसा व्यक्त किया।
इस माैके पर प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने अपने भेजे संदेश में कहा है कि नबीन का नेतृत्व कार्यकर्ताओं में युवा जोश और चुनावी सफलता की नई इबारत लिखेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भी प्रचंड जीत दर्ज करेगी। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा संगठन नई ऊंचाइयों को छूएगा। उन्होंने नबीन के अनुभव और संगठन कौशल से पार्टी के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होने की संभावना जताई।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, सरकार में दायित्वधारी मुकेश कुमार, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, बलजीत सोनी, डॉ.दिव्या नेगी, शकुंतला, चंडी प्रसाद बेलवाल और अनूप रावत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

