भाजपा कार्यालयों में सामूहिक श्रवण,महिलाओं ने बताया-आधी आबादी को पूरे अधिकार दिलाने वाला ऐतिहासिक कदम
देहरादून, 13 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेशभर के भाजपा जिला कार्यालयों में सोमवार को मातृ शक्ति की सहभागिता के साथ नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उद्बोधन सामूहिक रूप से सुना गया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों ने एकस्वर में इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे आधी आबादी को पूर्ण अधिकार दिलाने की दिशा में निर्णायक और दूरगामी कदम बताया।
बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में नई दिल्ली के विज्ञान भवन से प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा और सुना गया, जिसमें उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व और इसके व्यापक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि यह कानून महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और विकसित भारत के निर्माण में मातृ शक्ति की भूमिका और अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने एक बार फिर साबित किया है कि वे जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं।
महामंत्री ने कहा कि पूर्व में भी इस विधेयक को लेकर प्रयास हुए, लेकिन अब सभी दलों को राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर इसका समर्थन करना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं-बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और मिशन इंद्रधनुष-का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं और बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण, सस्ती सैनिटरी नैपकिन की उपलब्धता, खेलो इंडिया के जरिए खेलों में अवसर, तथा सैनिक स्कूलों और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में महिलाओं के प्रवेश जैसे कदम भी महिलाओं को सशक्त बनाने में अहम साबित हुए हैं।
आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है, जबकि मुद्रा योजना में बड़ी संख्या में महिला लाभार्थी हैं। इसके अलावा 26 सप्ताह का मातृत्व अवकाश,लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हैं।
महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को सुदृढ़ करने वाला क्रांतिकारी कदम है,जो उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं की ओर से इस पहल का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट,प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट,महामंत्री कुंदन परिहार,तरुण बंसल,कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल,कार्यालय सचिव जगमोहन रावत और मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

