2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
हरिद्वार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को भाजपा जिला हरिद्वार की संगठनात्मक बैठक जिला कार्यालय मारुति वाटिका, जगजीतपुर में आयोजित हुई। मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश सह-प्रभारी एवं नई दिल्ली सांसद बांसुरी स्वराज पहुंचीं। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की।
सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड की सह-प्रभारी बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उनकी माता पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. सुषमा स्वराज भी उत्तराखंड की प्रभारी रही थीं और उनका प्रदेश से विशेष लगाव था।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रम फैला रही है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता सरकार के काम और संगठन की ताकत से इसका जवाब देंगे। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां सबसे बड़ी पूंजी हैं, जिन्हें घर-घर पहुंचाना है। हरिद्वार गंगा नगरी और प्रदेश का प्रवेश द्वार है, यहां सभी विधानसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ानी होगी।
संगठन की मजबूती ही जीत का आधार
जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि बांसुरी स्वराज ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर मनोबल बढ़ाया है। लक्ष्य हर बूथ पर संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता जैसे बड़े फैसले लेकर देश में संदेश दिया है। सरकार युवाओं को रोजगार और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की योजनाएं चला रही है।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज, सड़कों के विस्तार और किसान योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि संगठन भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, संगठन मजबूत होगा तो सरकार भी मजबूत होगी।
बैठक में दर्जाधारी डॉ. जयपाल चौहान, महापौर, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व महापौर मनोज गर्ग, जिला सह-प्रभारी दीपक धमीजा, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, जिला महामंत्री संजीव चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट सहित जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, निपेंद्र चौधरी, आशु चौधरी, सीमा चौहान, संदीप अग्रवाल, रेशु चौहान, रितु ठाकुर सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

