मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर उत्तराखंड भाजपा ने शुरू की व्यापक जनसंपर्क अभियान की तैयारियां
देहरादून, 24 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने केन्द्र में नरेन्द्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशव्यापी कार्यक्रम के साथ उत्तराखंड में व्यापक जनसंपर्क अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान के तहत प्रदेशभर में ‘बारह साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।
रविवार को प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार के नेतृत्व में वर्चुअल बैठक हुई, जिसमें अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक में भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस संबंध में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि 7 जून से 21 जून तक प्रदेशभर में ‘प्रगति पथ यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे। उन्हाेंने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न जिलों में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, जनकल्याण शिविर, विकास प्रदर्शनियां और प्राकृतिक खेती आधारित कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। वहीं आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि और अन्य योजनाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने बताया कि 8 से 14 जून तक समाज के विभिन्न वर्गों की प्रमुख हस्तियों से संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं 12 से 20 जून तक ब्लॉक स्तर पर जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। भाजपा ने 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के साथ अभियान का समापन करने की भी घोषणा की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

