सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने दर्ज कराई एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now
सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने दर्ज कराई एफआईआर


देहरादून, 18 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर स्वयं को 'पहाड़ प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी' बताने वाले एक व्यक्ति की ओर से भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और महिलाओं के खिलाफ कथित अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने शनिवार को कानूनी कार्रवाई शुरू की। संगठन की पदाधिकारियों ने देहरादून समेत विभिन्न जिलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

भाजपा महिला मोर्चा की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदेश पदाधिकारियों ने देहरादून के पटेल नगर चौकी और डालनवाला थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। इसके अलावा टिहरी, हल्द्वानी और रुड़की सहित विभिन्न जिलों में भी महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस थानों में शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

महिला मोर्चा ने कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम है, लेकिन किसी भी महिला के सम्मान, गरिमा और आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने अथवा अपमानजनक भाषा के प्रयोग का किसी को अधिकार नहीं है। संगठन का कहना है कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करने के संवैधानिक और सभ्य तरीके उपलब्ध हैं, लेकिन महिलाओं के खिलाफ अशोभनीय भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता।

महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति समाज में संस्कार, सम्मान और मर्यादा की प्रतीक रही हैं। महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच पूरे समाज के मूल्यों पर आघात है और संगठन इसका लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से विरोध जारी रखेगा।

संगठन ने उत्तराखंड पुलिस से मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। महिला मोर्चा ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानून के दायरे में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story